इटावा : गरीब महिलाएं तरक्की की राह पर अग्रसर हैं

महिलाओं का जीवन स्तर सुधरेगा तो परिवार का जीवन स्तर सुधरेगा
Crime Suspense news network Etawah : Prem Shakya



टूंडला (फिरोजाबाद) स्वयं सहायता समूह के माध्यम से गरीब महिलाएं तरक्की की राह पर अग्रसर हैं। स्वयं सहायता समूह बनाकर शहरी गरीब महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाई जा सकती है। महिलाओं का जीवन स्तर सुधरेगा तो परिवार का जीवन स्तर सुधरेगा।


यह बात आज यहां नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर प्रेम हेल्प एंड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रसून प्रताप सिंह ने कही। वे आशा बहुआें के साथ ही स्वास्थ्य समितियों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व शिक्षा के साथ ही लघु स्वरोजगार स्थापना के लिए महिला स्वयं सहायता समूह परियोजना वरदान साबित हो रही है।


नगरीय स्वास्थ्य केंद्र की अधीक्षिका डॉ० गीता बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं परिवार की मुखिया होने के नाते परिवार के निर्माण,भरण-पोषण, शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी तमाम जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं, परिवार विकास में उनका अमूल्य योगदान है।

डॉ अशोक कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य समितियों से जुड़ी गरीब महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाना आवश्यक है इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।


शहर मिशन प्रबंधक मनोज सिंह ने स्वयं सहायता समूहों के गठन, बचत, बैंक खाता, ऋण वितरण, अनुदान सहायता की विस्तृत जानकारी के अलावा आश्रय व शहरी आवास योजना पर भी प्रकाश डाला।


संचालन प्रेम हेल्प एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के शहर समन्वयक दुर्वेश कुमार ने किया। मंगेराम, अनुराग सविता के अलावा सभासद हनी जादौन, सचिन चक इत्यादि लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।